- September 4, 2026
क्रू मेंबर ने लिखा था बम की धमकी वाला नोट? हैंडराइटिंग की जांच तेज
सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में बम की धमकी वाला नोट मिलने के मामले में जांच अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है. जांच एजेंसियों को एक क्रू मेंबर की हैंडराइटिंग धमकी वाले नोट से काफी हद तक मिलती हुई मिली है. इसके बाद इस क्रू मेंबर से पूछताछ की जा रही है. लेकिन बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है- क्या धमकी वाला नोट इसी क्रू मेंबर ने लिखा था? फिलहाल जांच एजेंसियां किसी नतीजे पर नहीं पहुंची हैं. एक यात्री भी शक के घेरे में है.
31 अगस्त को क्या हुआ था?
दम्माम से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 31 अगस्त को सऊदी अरब से रवाना हुई थी. फ्लाइट को दिल्ली पहुंचना था लेकिन रास्ते में विमान के टॉयलेट से एक टिश्यू पेपर मिला. इस टिश्यू पेपर पर बम की धमकी लिखी थी. साथ ही एक डिब्बे जैसी आकृति भी बनाई गई थी.
धमकी मिलने के बाद विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया. विमान शाम करीब साढ़े चार बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा. विमान में सवार सभी 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद यात्रियों, क्रू और विमान की गहन जांच की गई लेकिन कोई बम या संदिग्ध सामान नहीं मिला.
टिश्यू पेपर बना जांच की सबसे बड़ी कड़ी
बम नहीं मिला लेकिन जांच एजेंसियों के हाथ एक अहम सुराग लग गया- वही टिश्यू पेपर जिस पर धमकी लिखी गई थी. एजेंसियों ने विमान में सवार सभी 40 लोगों के हैंडराइटिंग सैंपल लिए. इनमें 32 यात्री, 4 केबिन क्रू और 4 पायलट शामिल थे. जांच को ज्यादा सटीक बनाने के लिए वैसा ही टिश्यू पेपर और उसी रंग का पेन भी इस्तेमाल किया गया ताकि लोगों की लिखावट की धमकी वाले नोट से तुलना की जा सके.
एक क्रू मेंबर की लिखावट क्यों बनी सवाल?
सूत्रों के मुताबिक जांच में एक क्रू मेंबर की लिखावट धमकी वाले नोट से काफी हद तक मिलती दिखाई दी. अलग-अलग रिपोर्ट्स में इस लिखावट के मैच को करीब 60 से 75 फीसदी तक बताया गया है. हालांकि यह जानकारी अभी सूत्रों के हवाले से है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यही वजह है कि फिलहाल इसे सबूत नहीं बल्कि जांच का सुराग माना जा रहा है.
सभी क्रू मेंबर्स से पूछताछ की गई थी. इनमें से सात को अहमदाबाद से जाने की इजाजत दे दी गई जबकि एक क्रू मेंबर से जुड़ी जांच अभी जारी है.
लेकिन एक यात्री पर भी शक ! जांच सिर्फ क्रू मेंबर तक सीमित नहीं है. एक यात्री भी जांच के घेरे में है. सूत्रों के मुताबिक एक साथी यात्री ने जांच टीम को बताया कि यह शख्स फ्लाइट के दौरान कई बार टॉयलेट गया था और उसका व्यवहार उसे संदिग्ध लगा चूंकि धमकी वाला नोट टॉयलेट से मिला था इसलिए एजेंसियां इस यात्री की भूमिका को भी जांच रही हैं. हालांकि अभी यह भी साबित नहीं हुआ है कि नोट इसी यात्री ने लिखा था.
तो क्या क्रू मेंबर ही धमकी दे रहा था?
अभी इसका जवाब ‘हां’ नहीं है. हैंडराइटिंग का मिलान जांच को एक दिशा जरूर देता है लेकिन किसी व्यक्ति को दोषी साबित करने के लिए दूसरे सबूत भी जरूरी होंगे. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि नोट किसने लिखा वह टॉयलेट तक कैसे पहुंचा और फ्लाइट के दौरान संदिग्ध गतिविधि किसने की.
पुलिस और एयरलाइन भी जांच में जुटी
एयर इंडिया एक्सप्रेस की शिकायत के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पुलिस ने मामला दर्ज किया है. अहमदाबाद क्राइम ब्रांच भी जांच में शामिल है. एयरलाइन ने कहा है कि वह कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रही है और यात्रियों, क्रू या फ्लाइट की सुरक्षा से समझौता करने वाले किसी भी व्यवहार को गंभीरता से लिया जाएगा.
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
फ्लाइट के टॉयलेट या टिश्यू पेपर पर बम की धमकी लिखने का यह पहला मामला नहीं है. मई 2024 में दिल्ली-वडोदरा एयर इंडिया फ्लाइट के टॉयलेट में भी टिश्यू पेपर पर बम की धमकी लिखी मिली थी. जांच में कोई बम नहीं मिला था. ऐसी धमकियों के कारण फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ती है सुरक्षा जांच बढ़ जाती है और यात्रियों के साथ-साथ एयरलाइन को भी परेशानी उठानी पड़ती है.
अब दम्माम-दिल्ली फ्लाइट के मामले में जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है- टिश्यू पेपर पर बम की धमकी किसने लिखी थी? क्या हैंडराइटिंग मैच वाला क्रू मेंबर ही इसके पीछे है या जांच किसी और शख्स तक पहुंचेगी? फिलहाल जांच जारी है और किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.