- September 15, 2026
बीजेपी के भीतर PM मोदी को भारत रत्न देने की मांग? नड्डा बोले- ‘सुझाव अच्छा है, लेकिन…’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर इस बार बीजेपी कई खास कार्यक्रम का आयोजन कर रही है. वहीं पार्टी के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत रत्न देने को लेकर हो रही चर्चा पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सबसे बड़े लोकतांत्रिक नेता हैं, जिन्हें दुनिया ने देखा. उनसे पूछा गया कि क्या देशव्यापी महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के समापन पर पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का कोई प्रस्ताव रखा जाएगा?
पीएम मोदी को भारत रत्न देने की मांग पर बोले नड्डा
इस पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री को भारत रत्न देने के बारे में सत्तारूढ़ बीजेपी में कोई चर्चा नहीं है. उन्होंने कहा, ‘जहां तक सर्वोच्च नागरिक सम्मान (भारत रत्न) की बात है, पार्टी ऐसे मामलों पर सही समय पर फैसला लेती है. आपका सुझाव अच्छा है, लेकिन इस मामले पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है.’ विपक्ष द्वारा पीएम मोदी पर तनाशाह की तरह काम करने के लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, ‘वह (प्रधानमंत्री) दुनिया के सबसे लोकतांत्रिक नेता हैं.’
देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी ने देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का ऐलान किया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होंगे. इस अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वडनगर से वाराणसी के बीच सेवा यात्रा निकाली जाएगी.
यह यात्रा देश के 17 राज्यों से होकर गुजरेगी. अलग-अलग स्थानों पर युवाओं की टोलियां बनाई जाएंगी और प्रत्येक टोली में 50 युवा शामिल होंगे. इन यात्राओं और कार्यक्रमों के जरिए पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्म गुजरात के वडनगर में हुआ था और वह वर्तमान में वाराणसी से लोकसभा सांसद हैं. उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा प्रधानमंत्री की राजनीतिक और जनसेवा यात्रा को जोड़ने का भी प्रतीक होगी.